भूख हड़ताल पर बैठे विधायक और विस्थापितों की स्वास्थ्य जांच
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो स्टील प्रबंधन के खिलाफ मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे विस्थापितों और कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। जांच के दौरान विधायक श्वेता सिंह का ब्लड प्रेशर कम पाया गया, जबकि अन्य आंदोलनकारियों के ब्लड प्रेशर में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। सभी को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम 24 घंटे आंदोलन स्थल पर निगरानी रखेगी। सुबह और शाम सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर विधायक को अस्पताल में भर्ती कराया जा सकता है।
वहीं, सदर अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. पंकज कुमार सिन्हा ने बताया कि आंदोलन के कारण मानसिक तनाव से ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव हो सकता है। विधायक का ब्लड प्रेशर कम है, हालांकि उनकी पल्स सामान्य है। पहले से ब्लड प्रेशर की दवा लेने वाले आंदोलनकारियों को दवा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

