नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार गिरफ्तार, जेल भेजे गए
राष्ट्र संवाद संवाददाता
कोडरमा। नाबालिग से कथित यौन शोषण के मामले में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता इलाज के दौरान डॉक्टर के संपर्क में आई थी। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि उसे झांसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया गया।
मामले में पीड़िता ने ऑनलाइन जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता का बयान बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) में भी दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने देर रात करीब 11 बजे उरवां स्थित एक फार्म हाउस से डॉ. अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनसे तिलैया डैम थाना में पूछताछ की गई। अगले दिन उन्हें कोडरमा महिला थाना लाया गया और सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई।
मेडिकल जांच के बाद आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

