हर प्रखंड में नवोदय और अनुमंडल में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना मेरा लक्ष्य: नवीन कुशवाहा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। दरभंगा स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के निर्दलीय प्रत्याशी नवीन कुमार कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में नवोदय विद्यालय और हर अनुमंडल में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना कराना उनका लक्ष्य है. इसके अलावा स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगारों को आजीवन 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दिलाने के लिए भी वे प्रयास करेंगे. उन्होंने ये बातें 13 अक्टूबर की शाम फफौत पंचायत के तारा गांव में आयोजित बैठक के बाद प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र आज विकास के कार्यों से वंचित है. निर्वाचित प्रतिनिधि स्नातक मतदाताओं की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं देते हैं. चुनाव के समय ही वे मतदाताओं के बीच पहुंचते हैं, जबकि चुनाव के बाद लोगों की समस्याओं की सुधि नहीं लेते. यही वजह है कि कई मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों के नाम तक नहीं जानते हैं. नवीन कुमार कुशवाहा ने कहा कि उन्हें क्षेत्र के लोगों का अपार जनसमर्थन मिल रहा है. इसके पीछे उनकी विचारधारा और कुछ अलग करने की सोच है. उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और स्नातक मतदाताओं के हितों के लिए काम करना चाहते हैं. इससे पूर्व आयोजित बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी राम गुलजार महतो ने की, जबकि मंच संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र महतो ने किया.

