लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
आगामी दुर्गा पूजा को लेकर एसडीपीओ के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं में सुरक्षा का विश्वास कायम किया जा सके। गुरुवार की शाम मंझौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरकांत के नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण अभियान चलाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था और दुर्गा पूजा को लेकर एसडीपीओ के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च मेघौल पेठिया, सार्वजनिक दुर्गा मंदिर तारा बरियारपुर, मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर बाड़ा, नारायणपुर, सागीडिह, चलकी, तेतराही, पथराहा, मसुराज एवं चकयद्दु मालपुर सहित विभिन्न पूजा स्थलों से गुजरा।
इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर पूजा, संध्या आरती और मेले के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी। एसडीपीओ ने पूजा समितियों को पंडालों एवं मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और भीड़भाड़ वाले चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की जानकारी दी, ताकि मेले और पूजा पंडालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने का संदेश भी दिया गया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालु सुरक्षित महसूस करें। इस संबंध में आप बिहार सरकार की आधिकारिक गाइडलाइन्स का भी पालन कर सकते हैं।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संदीप कुमार, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, अपर थानाध्यक्ष किशन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मदन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जवान, एवं चौकीदार मौजूद थे।

