हनुमान मंदिर के पास बछड़े का कटा सिर मिलने से मचा हड़कंप, स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट-जेम्को स्थित महानंद बस्ती में हनुमान मंदिर के समीप बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
फिलहाल बछड़े का कटा हुआ सिर मंदिर के समीप कैसे पहुंचा और घटना के पीछे किसका हाथ है, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। त्योहारों के दौरान हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस के सामने घटना की सच्चाई उजागर करने के साथ ही क्षेत्र में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है।

