काला बिल्ला लगाकर अनुसचिवीय कर्मचारियों का विरोध शुरू
*17 अक्टूबर तक चलेगा सांकेतिक प्रदर्शन, ट्रैप मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के आह्वान पर सोमवार से छह दिवसीय सांकेतिक विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। 12 से 17 अक्टूबर तक कर्मचारी बांह पर काला बिल्ला लगाकर नियमित सरकारी दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसी क्रम में गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने भी काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया।
संघ के अनुसार, यह विरोध 8 अक्टूबर को चतरा अनुमंडल कार्यालय के प्रधान लिपिक बासुदेव राम की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा गिरफ्तारी और जांच प्रक्रिया में कथित अपारदर्शिता के खिलाफ है।
कर्मचारी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि संघ भ्रष्टाचार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का विरोध नहीं करता, बल्कि ट्रैप मामलों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के पालन की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि किसी कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई से पहले शिकायत की प्रामाणिकता, उपलब्ध साक्ष्यों और पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। केवल संदेह या दुर्भावना से प्रेरित शिकायत के आधार पर किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है।
संघ ने सेवा नियमों के पालन, प्रशासनिक पारदर्शिता और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा की मांग की। साथ ही आश्वस्त किया कि सांकेतिक विरोध के दौरान आम जनता के जरूरी सरकारी कार्य प्रभावित नहीं होंगे।

