विश्व आदिवासी दिवस पर जमशेदपुर में भव्य आयोजन, 20 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लाभ वितरित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 20 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुई। इस दौरान आदिवासी समाज के वीर नायकों के संघर्ष और योगदान को याद किया गया। पाईका और छऊ नृत्य के साथ बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों और खेल, साहित्य, फिल्म तथा पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। वहीं लाभुकों को छात्रवृत्ति, साइकिल, वनपट्टा, पेंशन, सोलर पंप और आजीविका योजनाओं समेत कई योजनाओं का लाभ दिया गया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार पर जोर देते हुए आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

