राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल – श्री श्री 108 खेलाई चंडी सार्वजनिक बासंती पूजा समिति, कॉलेज मोड़ चांडिल के तत्वावधान में चैती नवरात्र के अवसर पर इस वर्ष भी चार दिवसीय बासंती पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के राजू दां एवं संचिता दां ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 मार्च को महासप्तमी के दिन भव्य कलश यात्रा के साथ पूजा का शुभारंभ होगा। यह कलश यात्रा प्रातः 6 बजे बामनी नदी से प्रारंभ की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि 26 एवं 27 मार्च को महाष्टमी और महानवमी का पूजन पश्चिम बंगाल से आए पुरोहितों द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा। वहीं 28 मार्च को महादशमी के दिन सुबह 9 बजे महिलाओं द्वारा पारंपरिक सिंदूर खेला आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद संध्या 4 बजे माँ बासंती की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे इस पावन अवसर पर आयोजित पूजा में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।

