*आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक गिरफ्तार, सीसीटीवी से हुई संदिग्ध की पहचान*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
स्टील एक्सप्रेस में सवार होते समय गम्हरिया निवासी महिला के पर्स से चोरी हुई सोने की चेन को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया है। मामले में एक युवक को टाटानगर स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई चक्रधरपुर रेल मंडल में चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा 24 अगस्त को स्टील एक्सप्रेस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान उनके लेडीज पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई। उन्होंने 28 अगस्त को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ टाटानगर तथा जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। स्टेशन एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध की पहचान की गई।
इसके बाद टाटानगर स्टेशन परिसर से भगवान चौधरी (24), निवासी कोटशीला, को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। चेन का वजन 4.830 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई।

