मानगो में कचरा उठाव ठप, जदयू का विरोध—सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो (बालीगुमा) क्षेत्र में कचरा उठाव पूरी तरह ठप होने को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने कड़ा आक्रोश जताया है। इस मुद्दे पर आयोजित बैठक में नेताओं ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का अंबार लग गया है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद होने से पूरे इलाके में गंदगी फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है, जबकि नगर निगम निष्क्रिय बना हुआ है। इसके साथ ही जदयू ने होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी का भी विरोध किया और कहा कि जब बुनियादी सुविधाएं—जैसे पानी, सफाई, नालियों की व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट—सुधरी नहीं हैं, तब टैक्स बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है।
जदयू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी जनहित में आंदोलन शुरू करेगी। बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने की, जबकि कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

