पंचायत सहायकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। पंचायती राज विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के अंतर्गत पंचायत सहायकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बहरागोड़ा प्रखंड के प्रखण्ड सभागार में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत सहायकों की प्रशासनिक क्षमता को सुदृढ़ करना, विभागीय नियमावली की समुचित समझ विकसित करना तथा पंचायत स्तर पर नागरिक केंद्रित सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना था।
मास्टर ट्रेनर कान्हु मुर्मू एवं मास्टर ट्रेनर सुनील किस्कू ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं सरल उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने पंचायत प्रशासन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझा।
कार्यक्रम के सफल समापन अवसर पर यह आशा व्यक्त की गई कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग करते हुए पंचायत सहायक अपने-अपने क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता तथा पंचायत सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान करेंगे।

