रांची में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद चार हथियारबंद लोग गिरफ्तार, दो घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद चार हथियारबंद लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें से दो घायल हो गए। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रातू थाना क्षेत्र के होचर गांव के पास ठाकुरगांव रोड पर तड़के करीब तीन बजे एक मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पुलिस पर पिस्तौल से 25 राउंड फायरिंग की और भागने की कोशिश की।
एसपी (रांची ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया, “पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद हमने उन्हें हिरासत में ले लिया।”
उन्होंने बताया, “पूछताछ के दौरान उनके दो साथी एक चार पहिया वाहन में उनका इंतजार कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने अन्य दो को पास के इलाके से पकड़ लिया।”
पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से आठ पिस्तौल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा, “दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच चल रही है।”
एसएसपी रांची राकेश रंजन ने कहा, “गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ के साजन अंसारी उर्फ शाहिद अंसारी, बोकारो के अमित कुमार गुप्ता उर्फ अमित कुमार, देवघर के आतिश दास और देवानंद दास के रूप में हुई है। सभी राहुल दुबे गिरोह के सदस्य हैं और व्यापारियों और खनिकों से रंगदारी वसूलने के लिए खेलारी कोयला खनन क्षेत्र जा रहे थे।”
उन्होंने कहा, “साजन अंसारी के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं, अमित कुमार चार मामलों में वांछित है और आतिश दास के खिलाफ 13 मामले लंबित हैं।”
पुलिस ने मौके से आठ पिस्तौल, 7.65 एमएम के 33 कारतूस, 7.62 एमएम की नौ गोलियां, एक चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और आरोपियों के आधार कार्ड बरामद किए।

