पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्व. काशीनाथ सिंह के परिजनों से मिलकर जताई शोक संवेदना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रजनीश सिंह के पिता एवं जमशेदपुर पुलिस एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी स्वर्गीय काशीनाथ सिंह के हाल ही में हुए निधन पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान बन्ना गुप्ता ने स्व. काशीनाथ सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि स्व. काशीनाथ सिंह का सामाजिक जीवन और पुलिस एसोसिएशन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से समाज ने एक सम्मानित एवं कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

