टाटानगर रेल यार्ड में तेंदुए की दस्तक से दहशत, वन विभाग अलर्ट पर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के रेल यार्ड में मंगलवार देर रात तेंदुए जैसे जंगली जानवर के देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना के बाद रेल यार्ड में कार्यरत कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच और सर्च अभियान में जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने यार्ड के पास झाड़ियों में हलचल देखी। करीब जाकर देखने पर उन्हें तेंदुए जैसा जानवर रेलवे ट्रैक के किनारे घूमता नजर आया। कर्मचारियों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जिसके सामने आने के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद आरपीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने यार्ड के झाड़ीदार और सुनसान हिस्सों में देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जानवर की पहचान की जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर रेल यार्ड के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है। कर्मचारियों को समूह में काम करने और रात के समय अकेले आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से आवाजाही भी सीमित कर दी गई है।
वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए हैं और आसपास के लोगों को माइकिंग के जरिए सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी जताई जा रही है कि दिखाई दिया जानवर तेंदुआ नहीं, बल्कि कोई जंगली बिल्ली भी हो सकता है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर और आसपास के जंगलों से सटे औद्योगिक इलाकों में पहले भी हाथी, लकड़बग्घा और तेंदुए जैसे वन्यजीवों के भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

