जामुरिया के मदन तोर गांव में हायना की दस्तक, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामुरिया थाना क्षेत्र के मदन तोर गांव में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ युवकों ने सड़क किनारे एक हायना देखा। अचानक जंगली जानवर को देखकर इलाके में दहशत फैल गई। इसकी सूचना तुरंत चुरुलिया पुलिस चौकी को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। एहतियात के तौर पर लोगों को उस स्थान से दूर रहने की सलाह दी गई। इसके बाद बाराबनी वन विभाग के अधिकारियों को खबर दी गई।
वन विभाग की टीम एक बड़े पिंजरे के साथ मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक हायना को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग हायना को देखने के लिए पहुंच गए।
इस मामले में स्थानीय निवासियों ने बताया कि अचानक गांव में हायना दिखाई देने से वे काफी घबरा गए थे। वहीं वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि संभवतः हायना भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके में आ गया था। उसे सुरक्षित रूप से पकड़कर उपयुक्त स्थान पर ले जाया गया है।

