पूर्वी सिंहभूम में फाइलेरिया उन्मूलन पखवाड़ा शुरू, 6 प्रखंडों में 9 लाख लोगों को दवा देने का लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिले में फाइलेरिया उन्मूलन पखवाड़ा का शुभारंभ उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सुंदरनगर (जुगसलाई) में किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने बच्चों के साथ स्वयं एलबेंडाजोल एवं डीईसी की दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की।
यह विशेष अभियान 10 से 25 फरवरी 2026 तक जिले के पोटका, पटमदा, जुगसलाई, मुसाबनी, घाटशिला और बोड़ाम प्रखंडों में चलाया जाएगा। अभियान के तहत लगभग 9 लाख लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में बनाए गए विशेष बूथों पर दवा दी गई, जबकि शेष दिनों में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लक्षित आबादी को दवा खिलाएंगे।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य कर्मियों के सामने दवा का सेवन कर अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक झारखंड को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य है।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति दवा का सेवन नहीं करेंगे। दवा खाली पेट नहीं खानी है और यह पूरी तरह सुरक्षित व निःशुल्क है। उन्होंने फाइलेरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई, मच्छरदानी के उपयोग और सामूहिक दवा सेवन पर जोर दिया।

