लुगू मुर्मू आवासीय जनजातीय स्कूल भाटीन में पांचवां वार्षिक उत्सव, बच्चों ने मनोहारी नृत्य से बांधा समा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। लुगू मुर्मू आवासीय जनजातीय स्कूल भाटीन में आज पांचवां वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन यूसिल के उपमहाप्रबंधक मनोरंजन महाली ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने स्कूल संस्थापक रामो राम सोरेन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पूरे जिले का पहला ऐसा स्कूल है, जहां 260 जनजातीय बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें कोल्हान के 52 अनाथ बच्चे भी शामिल हैं।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांधा। मनोरंजन महाली ने कहा कि यूसिल का सहयोग और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्कूल संस्थापक रामो राम सोरेन ने बताया कि स्कूल 2019 में स्थापित हुआ और यहां पहली से बारहवीं तक गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जाती है। उन्होंने कहा कि यूसिल और टाटा स्टील फाउंडेशन की मदद से बच्चों को पढ़ाई पूरी होने के बाद नियोजन का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में यूसिल के उपमहाप्रबंधक मनोरंजन महाली, सुरजीत सोरेन, टाटा स्टील फाउंडेशन से सालखन मुर्मू, शिव शंकर कंडियोम और स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं का अहम योगदान रहा।

