बूढ़ी गंडक तटबंध पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार सेंट्रो कार, बाल-बाल बचे लोग
पुलिस ने वाहन किया जब्त, चालक फरार
राष्ट्रसंवाद/खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बूढ़ी गंडक नदी तटबंध पर मिर्जापुर होटल के समीप शनिवार की शाम तेज रफ्तार सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में कार चालक सहित आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गये. घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. सूचना मिलते ही पुअनि अशोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को बाहर निकाला गया.
मिली जानकारी के अनुसार कार चालक फफौत पुल की ओर से तटबंध के रास्ते बाड़ा पेठिया की ओर तेज गति से जा रहा था. इसी दौरान मिर्जापुर होटल के समीप तीखा मोड़ होने के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित कार पहले एक पेड़ को तोड़ते हुए दूसरे पेड़ से जा टकरायी. पेड़ से टकराने के बाद कार रुक गयी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों के अनुसार यदि कार पेड़ से नहीं टकराती तो वह तटबंध से नीचे भी जा सकती थी और गंभीर हादसा हो सकता था. घटना के बाद चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सेंट्रो कार DL1CP- 2241 को जब्त कर थाने ले आयी है. दुर्घटनाग्रस्त कार बरियारपुर पूर्वी पंचायत के सिरसी गांव का बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

