राष्ट्र संवाद संवाददाता
चौका पंचायत अंतर्गत ग्राम दुबराजपुर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल, पुलिस निरीक्षक चांडिल, चौका थाना में पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी-कर्मियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक दिवसीय फुटबॉल एवं हॉकी मैच का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं संवाद को सुदृढ़ करना था। प्रतियोगिता के उपरांत खिलाड़ियों को खेल से संबंधित कीट एवं जर्सी का वितरण किया गया, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देती हैं, जिससे समाज में समरसता और सौहार्द बढ़ता है।

इसी क्रम में कुचाई थाना अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र के सियाडीह स्कूल मैदान में भी सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत हॉकी मैच का आयोजन किया गया। स्थानीय खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया तथा उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने सराहना करते हुए इसे पुलिस-जन सहयोग की सशक्त पहल बताया।

