धनबाद में पुलिस–अपराधियों के बीच मुठभेड़, तीन घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। भागाबांध इलाके में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान विक्की डोम और अमन सिंह को गोली लगी, जबकि अफजल भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसमें पुलिस का एक पीसीआर वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने घायल तीनों अपराधियों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार अमन सिंह पलामू का रहने वाला है, जबकि विक्की डोम और अफजल धनबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, हथियार और बम बरामद किए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

