एक दान, दो नेक काम: गोदान से गौसेवा, एंबुलेंस से जीवन रक्षा
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के अवसर पर तेघड़ा के व्यवसायी रघुनाथ केजरीवाल, उनकी धर्मपत्नी चंदा केजरीवाल और पूरे परिवार ने सेवा की दो मिसालें पेश कीं। परिवार की ओर से तेघड़ा की प्रसिद्ध श्री गौशाला को गोदान किया गया, वहीं मानव सेवा के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। एक पहल गौसेवा को समर्पित रही, तो दूसरी जरूरतमंद मरीजों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने की भावना से जुड़ी रही। आवासीय परिसर में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक-व्यावसायिक जगत की हस्तियां शामिल हुईं। एंबुलेंस को विधायक रजनीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक रजनीश कुमार ने इसे धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्व निभाने की पहल बताया। अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा ने कहा कि ऐसे प्रयास जनकल्याण में सामाजिक सहभागिता की अहमियत दर्शाते हैं। महिला आयोग की पूर्व सदस्य रीना चौधरी ने इसे सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण बताया। श्री गौशाला समिति के उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद रोशन ने गोदान को गौसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।
आयोजक रघुनाथ केजरीवाल एवं चंदा केजरीवाल ने कहा कि आस्था के साथ समाज की जरूरतों में योगदान देना ही इस पहल का उद्देश्य है। परिवार ने अतिथियों को अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया। पवन केजरीवाल, शीतल केजरीवाल, सुशील केजरीवाल, अनुराधा केजरीवाल, आनंद केजरीवाल, कविता केजरीवाल एवं तनमय केजरीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, तेघड़ा के सचिव सुशील केजरीवाल ने किया। इस अवसर पर चेड़ीया बरियारपुर के पूर्व विधायक राजवंशी महतो, थानाध्यक्ष क्रांति रमन, इंस्पेक्टर निर्भय कुमार, डॉ रंजीत कुमार, मुकेश जैन,अनुपम कुमार,कृष्णनंदन सिंह ,विकास कुमार ,दीपक कुमार, संजय सिंह, शालिनी देवी , पवन ठाकुर, देव कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

