चतरा एसपी अनिमेष नैथानी का अफीम तस्करों पर बड़ी कार्रवाई,2.5 किलो अफीम और 4 लाख रुपये के साथ चार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अफीम तस्करी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुनेश्वर कुमार यादव के पास से 2.5 किलो अवैध अफीम, 4 लाख रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अफीम की खेप पंजाब ले जाने की तैयारी थी।
10 अक्टूबर को एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरदेव यादव के घर पर छापेमारी की। इस दौरान चार आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुनेश्वर कुमार यादव, कमलेश कुमार यादव, पंकज कुमार और राकेश कुमार यादव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मुनेश्वर कुमार यादव पहले भी हरियाणा के करनाल में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

