देशभर में ईद-उल-फितर की धूम, जुगसलाई व आजाद नगर ईदगाह में अदा हुई नमाज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार उल्लास, श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां देश में अमन-चैन, तरक्की और सौहार्द के लिए दुआएं मांगी गईं।
जमशेदपुर के जुगसलाई ईदगाह मैदान और आजाद नगर ईदगाह में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में रौनक रही और लोग नए कपड़ों में परिवार व दोस्तों के साथ त्योहार का आनंद लेते नजर आए।
इस मौके पर घरों में सेवइयां और विभिन्न पकवान बनाए गए, वहीं कई जगहों पर सामूहिक रूप से खुशियां बांटी गईं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
ईद-उल-फितर के इस पावन अवसर पर देशभर में प्रेम, एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।

