जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारी तय होगी।
इस दौरान प्राप्त आवेदनों में चिकित्सा सहायता, पारिवारिक विवाद, अबुआ आवास योजना की लंबित राशि, मानदेय भुगतान, एकल महिलाओं को सहायता, भूमि विवाद, निजी विद्यालयों की फीस वृद्धि, राशन कार्ड, दुकान आवंटन, जमीन कब्जा मुक्त कराने, बीपीएल कोटे में नामांकन, फीस माफी, रोजगार, किराया निर्धारण, भूमि म्युटेशन, पदोन्नति, अप्रोच रोड निर्माण और नक्शा विचलन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
उपायुक्त ने लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए। उन्होंने जनशिकायत निवारण दिवस को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।

