बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त , बजबजाती नालियों की गंदगी की उफान
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बीते रात्रि से हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है। झारखंड सरकार द्वारा 18 जून को संभावित भारी बारिश को देखते हुए कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई थी। लेकिन यह सूचना समय पर सभी अभिभावकों तक नहीं पहुंच पाने के कारण स्कूली छात्र-छात्राएं सुबह बारिश के बीच स्कूल पहुंच गए। बाद में उन्हें वापस लौटते देखा गया।
वहीं चांडिल बाजार की वर्षों पुरानी जलनिकासी की समस्या एक बार फिर उजागर हो गई। बजबजाती नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहना तो आम बात हो गई है, लेकिन इस बार कई घरों में भी पानी घुस गया। सबसे गंभीर स्थिति चांडिल बाजार स्थित श्याम मंदिर में देखने को मिली, जहां बिना नक्शा पास कर बनाए गए मार्केट कॉम्प्लेक्स के कारण बरसाती पानी मंदिर परिसर में घुस गया। इससे श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
इधर, कुकरु प्रखंड अंतर्गत बकारकुडी रेलवे स्टेशन स्थित अंडरपास में भारी बारिश का पानी जमा हो गया, जिससे एक कार उसमें फंस गई। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अंडरपास में समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है।
इस समस्या को लेकर समाजसेवी गौरांग दत्ता ने संवेदक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए रेल मंत्री, रांची डिवीजन और सांसद संजय सेठ को ट्वीट कर मामले को संज्ञान में लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है।

