4 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन का मौका, 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची बुधवार को प्रकाशित कर दी गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रकाशित सूची का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
जिले की प्रारूप सूची में कुल 7,67,613 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3,84,834 पुरुष, 3,81,919 महिला और 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार ईचागढ़ में 2,56,155, सरायकेला में 3,02,716 और खरसावां में 2,08,742 मतदाता दर्ज हैं।
प्रारूप सूची संबंधित मतदान केंद्रों एवं अधिसूचित स्थलों पर उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन अथवा अन्य त्रुटियों को लेकर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 3 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मतदाताओं से प्रारूप सूची में अपना नाम एवं विवरण जांचने तथा त्रुटि होने पर संबंधित बीएलओ, एईआरओ अथवा ईआरओ के समक्ष दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है।

