मानदेय को लेकर MGM में डॉक्टरों की हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं ठप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. गौरतलब है कि पिछले एक महीने से काला बिल्ला लगाकर विरोध जता रहे डॉक्टरों ने आखिरकार आंदोलन तेज करते हुए कार्य बहिष्कार का रास्ता अपनाया. हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा गया है, लेकिन ओपीडी और अन्य नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं. जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने मानदेय में वृद्धि की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि उन्हें बिहार के तर्ज पर उचित मानदेय नहीं मिल रहा है, जबकि कार्यभार और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं.
हड़ताल के कारण अस्पताल में मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दूर- दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बिना उपचार लौटना पड़ रहा है या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि कोल्हान क्षेत्र का यह इकलौता सरकारी मेडिकल कॉलेज है, जहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए निर्भर रहते हैं. ऐसे में डॉक्टरों की हड़ताल से पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है.
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है. डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी.

