जमशेदपुर में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस सक्रिय, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:शहर में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने को लेकर पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में निगरानी और गश्त तेज की जा रही है. इसी कड़ी में गुरुवार को साकची थाना पुलिस ने शहर की सड़कों पर फ्लैग मार्च निकाला. साकची थाना प्रभारी के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया. पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के साथ असामाजिक और आपराधिक तत्वों को कड़ा संदेश देना है. गौरतलब है कि हाल के दिनों में शहर में सामने आई आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी है. एसएसपी स्वयं लगातार पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण की रणनीति की समीक्षा करने के साथ संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं. पुलिस की बढ़ी सक्रियता के बीच अब नजर इसके परिणाम पर रहेगी. फ्लैग मार्च, गश्त और निगरानी जैसे उपाय अपराधियों पर कितना अंकुश लगा पाते हैं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा.

