स्कूलों में कम उपस्थिति पर उपायुक्त नाराज, आधार-बैंक खाते और आधारभूत सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें सरकारी, आवासीय एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधार कार्ड, बैंक खाते, साइकिल वितरण, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विभागीय लापरवाही के कारण कोई भी विद्यार्थी शिक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे।
आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण में पेयजल पाइप, सोलर लाइट, क्षतिग्रस्त छत, बाउंड्री और भवन निर्माण से जुड़ी कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया। निजी विद्यालयों को यू-डाइस प्लस के लंबित आंकड़े, आधार सत्यापन और अपार आईडी निर्माण सहित सभी प्रविष्टियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा गया।
उपायुक्त ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए ‘सिकुई-दिकुई अभियान’ को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। विषयवार पढ़ाई, नियमित अभ्यास और कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभागीय पदाधिकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

