जमशेदपुर के टेल्को में डीजे विवाद ने लिया हिंसक रूप, चापड़बाजी में तीन घायल—आरोपी फरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेमको मछुआ बस्ती में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. शनिवार देर रात हुई चापड़बाजी की घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनका इलाज टीएमएच में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात बस्ती में डीजे बजाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने पहुंचकर बंद करा दिया था. आरोप है कि मनोज नाग के परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया

बताया जा रहा है कि देर रात बबलू मछुआ, व्यंकटेश नायडू, रिंघु मछुआ और कृष्णा मछुआ ने मिलकर मनोज नाग पर चापड़, चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची सुनीता देवी और छोटू नाग पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया. इस हमले में छोटू नाग गंभीर रूप से घायल हो गया. सभी घायलों को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें टीएमएच रेफर किया गया. घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इधर, शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. पुलिस के प्रयासों के बावजूद इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं.

