जामताड़ा में जिला तकनीकी समिति की बैठक, स्केल ऑफ फाइनेंस पर निर्णय
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला स्तरीय तकनीकी समिति (स्केल ऑफ फाइनेंस) की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों हेतु वित्तीय मानकों पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न फसलों जैसे धान, गेहूं, मकई, चना, सरसों, आलू तथा सब्जियों की खेती में आने वाली लागत—बीज, उर्वरक, सिंचाई, जुताई, पौधा संरक्षण और मजदूरी—पर विस्तार से विचार किया गया।
इसके साथ ही मत्स्य पालन, पशुपालन और गव्य विकास से संबंधित गतिविधियों के लिए भी स्केल ऑफ फाइनेंस निर्धारित करने पर सहमति बनी। मत्स्य क्षेत्र में मिश्रित पालन, बीज उत्पादन और अन्य एकीकृत प्रणालियों पर चर्चा हुई, जबकि पशुपालन में बीमा, चारा, दाना और श्रम लागत को शामिल किया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि मजदूरी दर में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सभी फसलों के लिए लागत में आंशिक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अधिकारियों ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर केसीसी एवं कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।

