राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी खरकई नदी के चेक डैम में नहाने के दौरान दो स्कूली बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार स्कूल से निकलकर चेक डैम पहुंचे थे। इसी दौरान रौनक और गोडविन नहाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों डूब गए। साथ मौजूद प्रशांत ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसमें करीब एक घंटे बाद रौनक का शव बरामद हुआ, जबकि दूसरे छात्र की तलाश जारी रही। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं रेस्क्यू में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर चेक डैम और नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

