जिला कांग्रेस ने पटेल जयंती और इंदिरा गांधी शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
नेताओं ने दोनों महान हस्तियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि पटेल जी ने रियासतों का एकीकरण कर मजबूत भारत का निर्माण किया, वहीं इंदिरा गांधी ने बैंक, कोयला व चीनी उद्योगों का राष्ट्रीयकरण कर देश की आर्थिक नींव को सशक्त किया।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने लोकतंत्र की रक्षा हेतु चलाए जा रहे राहुल गांधी के हस्ताक्षर अभियान में अधिकतम भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर सर्वाधिक हस्ताक्षर कराने वालों — सुरेन्द्र शर्मा, अंसार खान, अमित श्रीवास्तव, रूबी ठाकुर और विश्वजीत जेना को ‘संगठन सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन गुरदीप सिंह ने किया।
इसके साथ ही 1 नवंबर को घाटशिला मारवाड़ी धर्मशाला में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।




