अवैध बालू परिवहन पर जिला प्रशासन की सख्ती, तीन वाहन जब्त, प्राथमिकी दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मानगो थाना क्षेत्र में खनन विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान एनएच-33 पर बिना वैध चालान के बालू का परिवहन कर रहे तीन वाहन (WB03-2364, JH05AY-5162, JH05AU-9269) को जब्त किया गया। इन वाहनों में लगभग 300 सीएफटी बालू लदा हुआ था।

जांच में यह पाया गया कि वाहनों के पास राजस्व रसीद या वैध परिवहन अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं थी, जो कि झारखंड खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियमावली, 2017 के नियम-13 का स्पष्ट उल्लंघन है। खनन टास्क फोर्स ने तीनों वाहनों को जब्त कर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रशासन ने बालू माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।


