शीतलहर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा वृद्ध, निराश्रित एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के बीच लगातार कंबल का वितरण किया जा रहा है।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ, सीओ एवं नगर निकाय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि योग्य लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से कंबल पहुंचाया जाए, ताकि ठंड के कारण किसी को परेशानी न हो। इसके तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, आश्रय गृहों और चिन्हित बस्तियों में कंबल वितरण किया जा रहा है।
उपायुक्त ने आमजनों से अपील की है कि ठंड के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, गर्म एवं ऊनी वस्त्रों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचें। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों की विशेष देखभाल करने की भी अपील की गई है।
शीतलहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर संध्या के समय अलाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

