घाटशिला उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, अंतर्राज्यीय एवं अंतरजिला समन्वय पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा/पूर्वी सिंहभूम : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में अंतर्राज्यीय और अंतरजिला प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक यूसीआईएल भवन, जादूगोड़ा में आयोजित हुई। बैठक में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त, एसएसपी, एसपी, रूरल एसपी, रेल एसपी के साथ-साथ सीमावर्ती पश्चिम बंगाल और ओडिशा के जिलाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में विधि-व्यवस्था और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए:
अंतर्राज्यीय सीमाओं पर चौकसी, वाहन जांच और संयुक्त पेट्रोलिंग बढ़ाना। अवैध शराब, नगदी, ड्रग्स व उपहार सामग्री के परिवहन पर रोकथाम। सीमावर्ती थानों के बीच व्हाट्सएप ग्रुप, वायरलेस और इंटरकॉम नेटवर्क के माध्यम से त्वरित सूचना आदान-प्रदान। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखकर अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी। क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करना।
धारा 107, नोटिस तामिला, वारंट निष्पादन और सीसीए के तहत कार्रवाई की जानकारी सभी जिलों के बीच साझा करना। जिला निर्वाचन पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सभी अधिकारी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करें और आचार संहिता का उल्लंघन या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी जाए।

