पेयजल योजनाओं में तेजी का निर्देश, स्वच्छता व्यवस्था पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 28 सितंबर। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने बागबेड़ा समेत अन्य जलापूर्ति योजनाओं को समय पर पूरा करने, खराब जलमीनारों को दुरुस्त कर पेयजलापूर्ति बहाल करने तथा सबर टोला और आदिम जनजाति बहुल क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
गुड़ाबांदा बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना में शत-प्रतिशत घरेलू नल कनेक्शन और सभी प्रखंडों में इस माह 100-100 शौचालय निर्माण का लक्ष्य दिया गया। घाघीडीह व आसपास के क्षेत्रों में नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर, सभी सहायक एवं कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक व अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

