उपायुक्त ने लिया संज्ञान: धालभूमगढ़ सीएचसी में एंबुलेंस न मिलने की घटना पर जांच के निर्देश, मरीज का सदर अस्पताल में उपचार जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने में लापरवाही बरते जाने की घटना पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने सिविल सर्जन को पूरे मामले की जांच कर दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त के निर्देश के बाद संबंधित महिला मरीज को तुरंत सदर अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
श्री सत्यार्थी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को चिकित्सा सुविधा से वंचित रखना अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रणालीगत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

