जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त आलोक कुमार ने जिलेभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में 40 से अधिक फरियादियों ने आवास, भूमि विवाद, जन्म प्रमाण पत्र, बिजली कनेक्शन, केसीसी ऋण माफी, अवैध कब्जा, मुआवजा राशि, मनरेगा भुगतान, आंगनबाड़ी चयन अनियमितता समेत कई मामलों को लेकर आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन करने और एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
जनता दरबार में बिहार के भोजपुर से आए एक पशुपालक ने मिहिजाम थाना द्वारा जब्त की गई दुधारू गायों को छोड़ने की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने एसडीओ से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत लेकर पहुंची एक बच्ची के आवेदन पर भी त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। केसीसी ऋण माफी की मांग लेकर पहुंची महिला की समस्या पर जिला कृषि पदाधिकारी और एलडीएम को आवश्यक पहल करने को कहा गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और सभी कार्य नियमानुसार समय पर पूरे हों।

