100 डेज टीबी अभियान: जामताड़ा के सभी प्रखंडों में चल रहा विशेष कैंप
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 100 डेज टीबी कैंपेन चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों में संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उनकी जांच और उपचार की व्यवस्था की जा रही है। विश्व यक्ष्मा दिवस 24 मार्च से शुरू हुए इस अभियान में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से डायबिटीज, कुपोषण, अधिक उम्र, धूम्रपान, शराब सेवन तथा पूर्व टीबी मरीजों के संपर्क में रहे लोगों की जांच की जा रही है। जरूरतमंद लोगों का बलगम परीक्षण भी नजदीकी जांच केंद्रों पर कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टीबी की जांच, दवा और इलाज पूरी तरह निःशुल्क है। मरीजों को इलाज अवधि तक प्रति माह एक हजार रुपये तथा एक बार 750 रुपये की सहायता राशि सीधे खाते में दी जाएगी। साथ ही नागरिकों से “निक्षय मित्र” बनकर टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
अभियान के तहत आगामी सप्ताह में नारायणपुर और नाला प्रखंड के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
