जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रतनोडीह पहाड़िया टोला के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार साइबर अपराधियों को ऑनलाइन ठगी करते रंगेहाथ पकड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को कालाझारिया स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान अंसारी, बसीर अंसारी, सकलैन अंसारी, सफाउद्दन अंसारी और मुजाहिद अंसारी शामिल हैं। सभी आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल के माध्यम से बैंक ग्राहकों के मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें कार्ड बंद होने का झांसा देते थे। इसके बाद स्क्रीन शेयरिंग एप के जरिए कार्ड डिटेल और गोपनीय जानकारी लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

