जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं, कई मामलों का हुआ तत्काल समाधान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। बड़ी संख्या में लोग पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, स्टे ऑर्डर, पी.वी.टी.जी समुदाय की समस्याएं, झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ, सड़क निर्माण, भूमि मूल्यांकन, एफआईआर दर्ज न होने, दुकान आवंटन, लंबित म्यूटेशन, चिकित्सा सहायता, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, कलवर्ट निर्माण, बैंक ऋण में सहयोग, आवासीय सोसायटी में पार्किंग विवाद, चौकीदार नियुक्ति की सूची जारी करने, पीएम किसान सम्मान निधि, लंबित पेंशन और राशन भुगतान, दिव्यांग एवं वृद्धजन के शिविर जैसी विभिन्न मांगों के साथ पहुंचे।

उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध एवं यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों को शीघ्र, सुलभ और न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट निस्तारण किया गया, जिससे आवेदकों को तत्काल राहत मिली। उपायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों का निपटारा मौके पर संभव नहीं है, उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।


