राष्ट्रपति के जिला भ्रमण के सफल आयोजन पर उपायुक्त ने जताया आभार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारत की राष्ट्रपति के जिला भ्रमण के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के उपरांत जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सभी लाइन विभागों, सुरक्षा एजेंसियों तथा कार्यक्रम से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की है।
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक संपूर्ण कार्यक्रमों के निर्बाध संचालन के लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों द्वारा की गई विस्तृत योजना, सटीक क्रियान्वयन तथा उत्कृष्ट अंतर-विभागीय समन्वय अत्यंत प्रशंसनीय रहा। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, रूटलाइन प्रबंधन, कार्यक्रम स्थलों की तैयारी, यातायात नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं प्रोटोकॉल अनुपालन जैसे सभी पहलुओं पर प्रदर्शित उच्च स्तरीय पेशेवर दक्षता और अनुशासन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ किया, जिसके परिणामस्वरूप सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हुए। सूक्ष्म से सूक्ष्म बिंदुओं पर ध्यान देते हुए टीम भावना के साथ कार्य करना इस सफल आयोजन की प्रमुख विशेषता रही।
उपायुक्त ने सभी के समर्पण, परिश्रम एवं उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने की अपेक्षा व्यक्त की।

