जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने बिन्दापाथर थाना क्षेत्र के पगला मोड़ के पास एवं नारायणपुर थाना अंतर्गत ग्राम झिलवा में छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया।
कार्रवाई के दौरान राहुल गोराई, नयन मंडल और जगदीश मंडल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल, 8 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड, 1,02,400 रुपये नगद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बताया गया कि ये आरोपी पूरे देश में साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर एलपीजी गैस से संबंधित एपीके फाइल भेजकर उन्हें डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे। इसके बाद वे पीड़ितों की गोपनीय जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों में से एक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

