बारीडीह भारत गैस एजेंसी के बाहर उमड़ी भीड़, जमशेदपुर में एलपीजी संकट गहराया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर के विभिन्न इलाकों में इन दिनों घरेलू एलपीजी गैस की किल्लत ने आम लोगों की रसोई पर सीधा असर डाल दिया है। खासकर बारीडीह स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी भीड़ देखी जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एजेंसी के गोदाम के आसपास सप्लायर टेंपो से सिलिंडर इधर-उधर ले जाते नजर आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी और संदेह दोनों बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट सकता है और बवाल की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सिदगोड़ा, गोलमुरी, जुगसलाई और परसूडीह जैसे क्षेत्रों में भी गैस आपूर्ति प्रभावित है। कई उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुक कराए 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हो पाई है।

जुगसलाई स्थित काबरा गैस एजेंसी में लगभग 3500 सिलिंडरों का बैकलॉग लंबित है। हालांकि एजेंसी द्वारा टेंपो के माध्यम से सप्लाई जारी है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को छह दिन से पहले गैस नहीं मिल पा रही है।
वहीं, परसूडीह मेन रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी में 1000 से 1200 बुकिंग का बैकलॉग बताया जा रहा है। एजेंसी प्रबंधन के अनुसार, गैस की वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ने से डिलीवरी प्रभावित हुई है। वर्तमान में उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचने में 6 से 8 दिन का समय लग रहा है।
सुबह एजेंसी खुलते ही जुगसलाई और परसूडीह क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। पर्ची बनवाने के लिए लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं। जुगसलाई के मारवाड़ी पाड़ा रोड स्थित काबरा एजेंसी के पास रोजाना सुबह 9 से 11 बजे के बीच लंबी कतार के कारण नया बाजार और गद्दी मोहल्ला क्षेत्र में जाम की स्थिति बन जाती है।
शहर के लगभग सभी गैस एजेंसियों की स्थिति कमोबेश एक जैसी बनी हुई है। इस बीच, कुछ सप्लायरों पर कालाबाजारी के आरोप भी लग रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए और संभावित कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

