बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का तीखा हमला, राकेश साहू बोले– नहीं सुधरे हालात तो होगा आंदोलन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गैर-टिस्को क्षेत्रों में फैली गंदगी, जलजमाव और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव राकेश साहू ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनता त्राहिमाम कर रही है, जबकि जनप्रतिनिधि बयानबाजी में व्यस्त हैं।

साहू ने नदी किनारे बसे इलाकों की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि न राहत कार्य हुए, न सफाई की कोई व्यवस्था है। संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी, नोटिफाइड एरिया कार्यालय का घेराव और उपायुक्त कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।

दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस अपनी ही सरकार में रहते हुए आंदोलन के मूड में है, जिसे लेकर आम लोग भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। साहू ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याएं हल करने के लिए आवश्यकता पड़ी तो युवा कांग्रेस व्यवस्था सुधार के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन करने से नहीं चूकेगी।


