‘अटल मोहल्ला क्लीनिक’ का नाम बदलने पर भाजयुमो आक्रोशित, साकची में झारखंड सरकार का पुतला दहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 26 जुलाई: झारखंड सरकार द्वारा ‘अटल मोहल्ला क्लीनिक’ का नाम बदलकर ‘मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक’ किए जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने साकची स्थित जुबिली पार्क गोलचक्कर पर सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह फैसला पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत का अपमान है और सरकार की तुष्टिकरण नीति को दर्शाता है। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वाजपेयी जैसे सुशासन के प्रतीक के नाम को हटाना निंदनीय है और सरकार की विकृत मानसिकता को उजागर करता है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो राज्यव्यापी उग्र आंदोलन किया जाएगा। अन्य वक्ताओं ने इसे वोट बैंक की राजनीति और राष्ट्र नायकों के अपमान से जोड़ते हुए तीखी आलोचना की।


