संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर कांग्रेसियों ने लिया रक्षा का संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
संविधान दिवस पर गुरुवार को लाल बिल्डिंग चौक में कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष फुलकांत झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया तथा लोगों के बीच उसकी प्रतियां वितरित की गईं। वक्ताओं ने कहा कि संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और सम्मान का अधिकार देता है। इसकी रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में राजू रजक, इंद्रकांत झा, धनंजय गोप, उर्मिला देवी, असीम मुखर्जी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। अंत में संविधान के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

