मानगो में कांग्रेस का ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान, मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर जताया रोष
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर (मानगो): झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मंगलवार को मानगो क्षेत्र में “वोट चोर गद्दी छोड़” कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अंसार खान ने किया।
अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जवाहर नगर, आजाद नगर, गुलाब बाग, बागान शाही, डिमना बस्ती, झारखंड कॉलोनी, आजाद नगर रोड नंबर 2 मार्केट और पुरुलिया रोड मार्केट सहित कई इलाकों में डोर-टू-डोर जाकर आम जनता से हस्ताक्षर अभियान में सहयोग मांगा।
अंसार खान ने इस दौरान कहा कि मतदाता सूची में भारी अनियमितताएं हैं — कई जगह एक ही व्यक्ति का नाम बार-बार दर्ज है, जबकि कई मतदाताओं के नाम और पिता का नाम तक सूची में सही दर्ज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि “हमारे वोट का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है, और यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।”
आज के इस हस्ताक्षर अभियान में जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिला महासचिव रश्मि निगार और समाजसेवी जुबेर मलिक ने सक्रिय सहयोग किया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

