दो आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
मृत चौकीदारों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर चौकीदार पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया के तहत उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को दो अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति जिला स्तरीय चौकीदार अनुकंपा समिति के 30 सितंबर को लिए गए निर्णय के आलोक में की गई।
नवनियुक्त अभ्यर्थियों में खरसावां के नारायणबेड़ा निवासी सोम मार्डी, पिता स्व. कल्याण मार्डी तथा सामुरसाई, बड़ाबाम्बो निवासी नील मोहन तांती, पिता स्व. कार्तिक तांती शामिल हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत शैक्षणिक एवं अन्य अर्हताओं के सत्यापन तथा संबंधित नियमों के अनुपालन के बाद नियुक्ति दी गई।
नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उपायुक्त ने दोनों को निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। नियुक्त अभ्यर्थियों को पत्र प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर योगदान देने तथा स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मौके पर जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा अविनाश कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

